पत्नी को कुल्हाड़ी से काटा ; दहेज हत्या का केस दर्ज

ग्रेटर नोएडा के घरबरा गांव में पति ने पत्नी को कुल्हाड़ी से गला काटकर हत्या कर दी। महिला के मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इकोटेक वन थाना क्षेत्र के घरबरा गांव में रवि की शादी 3 महीने पहले काजल से हुई थी। रवि और काजल (22) के बीच लगातार किसी बात को लेकर अनबन चल रही थी।

रविवार रात को पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पति ने पत्नी की कुल्हाड़ी से गला काट कर हत्या कर दी। काजल का शव उसके कमरे में ही बेड पर पड़ा हुआ था। सुबह अन्य लोगों ने इसके बारे में जानकारी पुलिस को दी।

जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके वालों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति, जेठ और जेठानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया। आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोही पति से पूछताछ कर रही है।