दिव्यांगजन को कृत्रिम अंग उपकरण वितरित
लखनऊ: 25 दिसम्बर, 2022 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी आज यहां मिनी स्टेडियम, विकास नगर में अटल स्वास्थ्य मेला-2022 के समापन कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। मुख्यमंत्री जी ने लखनऊवासियों और प्रदेशवासियों की ओर से देश के पूर्व प्रधानमंत्री और लखनऊ के गौरव भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयन्ती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने अटल जी की स्मृतियों को संजोये रखने और लखनऊवासियों को आरोग्यता की सम्पूर्णता के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए अटल स्वास्थ्य मेले के आयोजकों को बधाई दी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पहले अटल स्वास्थ्य मेले में 7,500 से अधिक तथा दूसरे अटल स्वास्थ्य मेले में 10,500 से अधिक लोगों ने इसका लाभ लिया। कल और आज इस मेले में हजारों की संख्या में लोगों ने इसका लाभ लेने के साथ-साथ केन्द्र तथा राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़कर लाभान्वित हुए हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज उन्होंने दिव्यांगजनों के साथ संवाद किया और उन्हें दिव्यांगजन कृत्रिम अंग उपकरण वितरित किए। दिव्यांगजन के पास जब सहायक उपकरण होते हैं, तो वह स्वयं को पूर्णता का अनुभव करते हुए सामान्य दिनचर्या की तरह अपने जीवन को आगे बढ़ा सकते हैं।
आगामी दिनों में लखनऊ में कुछ बड़े आयोजन होने वाले हैं, फरवरी, 2023 में यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन
आगामी दिनों में लखनऊ में कुछ बड़े आयोजन होने वाले हैं। लखनऊवासियों और प्रदेशवासियों को इन आयोजनों से अपने आपको जोड़ने की तैयारी करनी होगी। फरवरी, 2023 में यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन होने जा रहा है। यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के आयोजन में देश और दुनिया से आने वाले 10,000 से अधिक उद्यमियों और निवेशकों के स्वागत के लिए अपने आपको तैयार करना होगा। इसके माध्यम से लाखों-करोड़ रुपये का निवेश लखनऊ और प्रदेश में आएगा। साथ ही, प्रदेश के लाखों नौजवानों के लिए नौकरी की नई सुविधाएं सृजित होंगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि दुनिया के 20 विकसित देश जी-20 के रूप में विख्यात हैं। यह वह देश हैं, जहां दुनिया की 60 फीसदी आबादी निवास करती है। इनका दुनिया के 75 फीसदी व्यापार पर अधिकार है। इनके पास दुनिया की 85 फीसदी जी0डी0पी0 पर एकाधिकार है। इन देशों के पास दुनिया के अन्दर होने वाले 90 प्रतिशत पेटेण्ट का अधिकार है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत को इन 20 देशों के नेतृत्व का अवसर प्राप्त हुआ है। यह आजादी के बाद पहली बार हो रहा है। जी-20 के भी कुछ आयोजन लखनऊ में होने हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रत्येक लखनऊवासी को इन आयोजनों से जुड़ना गौरव की बात है। लखनऊवासी अपने आपको इन आयोजनों से जुड़ने के लिए तैयार करें, क्योंकि लखनऊ से श्रद्धेय अटल जी की स्मृतियां जुड़ी हुई हैं। 05 बार देश की संसद में सांसद के रूप में श्रद्धेय अटल जी ने लखनऊ का प्रतिनिधित्व किया था। पूरे देश का प्रतिनिधित्व अटल जी ने लखनऊ के माध्यम से किया। यह लखनऊ के लिए गौरव की बात है। रक्षा मंत्री, भारत सरकार श्री राजनाथ सिंह जी देश को सुरक्षा का बेहतर वातावरण देकर आज अटल जी की लखनऊ की इस विरासत को आगे बढ़ाने का कार्य कर रहे हैं।
इस अवसर पर पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं विधान परिषद सदस्य डॉ0 दिनेश शर्मा, पूर्व मंत्री श्री आशुतोष टण्डन, विधान परिषद सदस्य श्री मुकेश शर्मा, विधान परिषद सदस्य श्री पवन सिंह चौहान, लखनऊ की महापौर श्रीमती संयुक्ता भाटिया, विधायक डॉ0 नीरज बोरा, श्री योगेश शुक्ला, अटल स्वास्थ्य मेले के संयोजक श्री नीरज सिंह तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।