शपथग्रहण आज नतीश मुख्यमंत्री तेजस्वी उपमुख्यमंत्री ; भाजपा देगी धरना

नीतीश कुमार बुधवार दोपहर 2 बजे एक बार फिर मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 21 महीने में यह दूसरा मौका है जब वह CM पद की शपथ लेंगे। 17 साल में यह आठवीं बार CM बनेंगे, जो बिहार के इतिहास में रिकॉर्ड होगा। नीतीश के साथ राजद नेता और लालू के छोटे बेटे तेजस्वी भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

बिहार में BJP और JDU का गठबंधन टूट चुका है। इधर, NDA गठबंधन तोड़ने के खिलाफ बुधवार सुबह 10 बजे से भाजपा प्रदेश कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करेगी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय के सामने धरने पर बैठेंगे। 12 अगस्त को जिला मुख्यालय और 13 अगस्त को प्रखंड मुख्यालयों पर भी धरना देंगे।

मंगलवार शाम को नीतीश कुमार ने राज्यपाल फागू चौहान को 7 पार्टियों के 164 विधायकों के समर्थन की चिट्ठी सौंपी थी। नीतीश के साथ तेजस्वी यादव भी राजभवन में मौजूद थे। सरकार बनाने का दावा पेश करने के बाद नीतीश और तेजस्वी ने राजभवन में ही प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इस दौरान तेजस्वी भाजपा पर खूब बरसे। तेजस्वी ने कहा था- भाजपा का कोई गठबंधन सहयोगी नहीं है, इतिहास बताता है कि भाजपा उन दलों को खत्म कर देती है जिनके साथ वह गठबंधन करती है।

सियासी उठापटक से जुड़े अहम अपडेट्स…

  • नीतीश कुमार ने मंगलवार शाम को कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी से टेलिफोन पर बात की। सोमवार को भी नीतीश ने सोनिया से बात की थी।
  • जब नीतीश राजभवन से सीधे राबड़ी देवी के आवास पर पहुंचे, तो तेजस्वी यादव उन्हें रिसीव करने बाहर तक आए। राबड़ी के घर राजद, कांग्रेस और माले के विधायक मौजूद थे।
  • पटना में भाजपा ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई। इसमें भाजपा कोटे से मंत्री रहे नेताओं समेत संगठन के पदाधिकारियों को बुलाया गया है। पार्टी हाईकमान भी इनसे चर्चा कर सकता है।
  • RJD विधायक दल के नेता तेजस्वी यादव ने 115 विधायकों के समर्थन की चिट्ठी नीतीश कुमार को सौंपी है। इसमें नीतीश की अगुआई में सरकार बनाने की बात कही गई है।
  • सूत्रों के मुताबिक नई सरकार के गठन से पहले तेजस्वी ने गृह मंत्रालय मांगा है, जो अब तक नीतीश के पास था। पिछली सरकार में तेजस्वी यादव के पास पथ निर्माण विभाग था।

रविशंकर प्रसाद बोले- नीतीश कुमार ने धोखा दिया
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने मंगलवार शाम को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नीतीश कुमार पर धोखा देने का आरोप लगाया। प्रसाद ने पूछा- 2020 में नीतीश भाजपा के साथ क्यों थे। इसके बाद 2017 में भी वे साथ आए। 2019 में लोकसभा और 2020 में विधानसभा चुनाव भी मिलकर लड़ा। अब ऐसा क्या हुआ जो हम खराब हो गए। ​​​​​​